Connect with us

उधमसिंह नगर

खटीमा में दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली युवती, परिजनों के बयान दर्ज

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मार्च में हुई थी शादी, चिकित्सकों के पैनल से कराया पोस्टमार्टम
रुदपुर।। चकरपुर कुटरी के गन्ना सेंटर स्थित एक विवाहिता अपने कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया। साथ ही बिसरा सुरक्षित रख लिया। वहीं प्रशासन की ओर से स्वजनों के बयान दर्ज किए गए हैं।
कुटरी निवासी जीवन सिंह बिष्ट पुत्र शंकर सिंह बिष्ट की मार्च 2023 में चंपावत जिले के चल्थी निवासी उर्मिला से शादी हुई थी। जीवन सिंह गुजरात में होटल में कार्यरत है। इन दिनों वह छुट्टी पर घर आया हुआ था। स्वजनों ने बताया कि इस बीच जीवन और उसकी पत्नी उर्मिला नैनीताल घूमने गए थे, इसके बाद वह मां पूर्णागिरि के दर्शन करने भी गए थे। दो-तीन दिन बाद जीवन सिंह गुजरात जाने वाला था।
इस दौरान रविवार देर शाम उर्मिला अपने कमरे में गई और काफी देर तक बाहर नहीं आई। इस पर जीवन सिंह ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज न आने पर उसने दरवाजा तोड़ा तो अंदर उर्मिला छत पर लगे कुंडे से बंधे दुपट्टे के फंदे से लटकी थी। यह देख परिवार में हड़कंप मच गया। उन्होंने उर्मिला को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जीवन सिंह की सूचना पर कोतवाल प्रकाश सिंह दानू, एसआई प्रियांशु जोशी, रूबी मौर्या, संदीप पिलख्वाल व पंकज महर पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने घटना की सूचना एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट को दी।
एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार नरेंद्र गहतोड़ी ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरा और स्वजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उप जिला चिकित्सालय के मोर्चरी पहुंचाया। इस बीच सीओ वीर सिंह ने भी मौका मुआयना किया और स्वजनों से घटना के बाबत जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, घटना की वजह अभी पता नहीं चली है। स्वजनों की ओर से अब तक तहरीर भी नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस ने अपने स्तर से मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर सोमवार सुबह पुलिस ने मोर्चरी में शव का दो चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया और बिसरा में सुरक्षित रखवा दिया।

यह भी पढ़ें 👉  ठाकुरद्वारा के दलपत गांव में युवक की मौत के बाद बवाल होने पर थाना प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मी निलंबित

Select Language

Advertisement