नई दिल्ली
हल्द्वानी: फ्लाईओवर योजना पर लगी रोक, फिजिबिलिटी रिपोर्ट में सामाजिक और आर्थिक नुकसान की आशंका
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित फ्लाईओवर फिलहाल नहीं बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसके लिए कराए गए फिजिबिलिटी सर्वे की अंतिम रिपोर्ट तैयार कर ली है, जिसमें फ्लाईओवर निर्माण से अधिक सामाजिक और आर्थिक नुकसान की संभावना जताई गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर फिलहाल योजना को स्थगित कर दिया गया है।
हल्द्वानी की आबादी तेजी से बढ़ रही है और इसके साथ ही वाहनों का दबाव भी शहर की सड़कों पर लगातार बढ़ रहा है। खासकर मुखानी से लालडांठ चौराहा और मंगलपड़ाव से तिकोनिया चौराहे तक ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी ने फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई थी और बीते वर्ष इसका सर्वे करवाया था।
फाइनल रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि फ्लाईओवर बनने की स्थिति में व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, साथ ही स्थानीय लोगों को सामाजिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। सैकड़ों दुकानों और व्यापारियों पर इस योजना का सीधा असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
शहर के व्यापारी शुरू से ही इस परियोजना के विरोध में थे। उन्होंने आशंका जताई थी कि फ्लाईओवर बनने से उनका व्यापार प्रभावित होगा और बाजार की गतिविधियां ठप हो सकती हैं। फिजिबिलिटी रिपोर्ट में इस विरोध को भी योजना पर रोक लगाने के मुख्य कारणों में शामिल किया गया है। फिलहाल विभाग वैकल्पिक समाधान तलाशने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
