अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
बागेश्वर: नाबालिग गर्भवती मामले में नया खुलासा, मेडिकल में जुड़वां शिशुओं का चला पता
बागेश्वर। जनपद में नाबालिग गर्भवती का मामला लगातार सुर्खियों में है। इस प्रकरण में नया मोड़ तब आया जब जिला अस्पताल में हुए मेडिकल परीक्षण में किशोरी के गर्भ में जुड़वां शिशुओं के पलने की पुष्टि हुई। चिकित्सक डॉ. गायत्री पांगती ने मेडिकल जांच में यह जानकारी दी।
घटना विगत मंगलवार की है, जब पेट दर्द की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंची किशोरी गर्भवती पाई गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। बुधवार को कपकोट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गुरुवार को किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें जुड़वां बच्चों का खुलासा हुआ।
किशोरी की काउंसलिंग भी बाल कल्याण समिति द्वारा कराई गई है। पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोडके ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पीड़िता को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। वहीं, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी षष्ठी कांडपाल ने जानकारी दी कि सुरक्षा और देखभाल की दृष्टि से किशोरी को सेंटर में ही रखा गया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने समाज और प्रशासन को झकझोर दिया है। नाबालिग के गर्भवती होने के साथ-साथ अब जुड़वां शिशुओं की जानकारी सामने आने से मामला और भी गंभीर हो गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है, जबकि पीड़िता की देखभाल और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
