Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: गौलापार में खेत में फैला करंट, सिंचाई कर रहे किसान की मौके पर ही मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के गौलापार में खेत में सिंचाई कर रहे किसान दया किशन की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। ऊर्जा निगम की लापरवाही पर ग्रामीणों में भारी रोष। पढ़ें पूरी खबर।

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ सीतापुर निवासी एक किसान की खेत में सिंचाई करते समय करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, गौलापार के सीतापुर निवासी 57 वर्षीय दया किशन पांडे बुधवार शाम अपने घर के पास स्थित खेत में सिंचाई करने गए थे। सिंचाई के दौरान जब उन्होंने मेड़ पर फावड़ा चलाया, तभी पास के बिजली के खंभे से पानी में करंट उतर आया। पानी के संपर्क में होने के कारण दया किशन बुरी तरह झुलस गए और अचेत होकर वहीं गिर पड़े।
जब आधे घंटे तक दया किशन घर नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें ढूंढते हुए खेत पर पहुँचे। उन्हें बेहोश देख ग्रामीणों की मदद से तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
इस घटना में ऊर्जा निगम की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना देने के एक घंटे बाद बिजली की सप्लाई काटी गई। जब विभाग की टीम मौके पर पहुँची, तब भी खेत में करंट दौड़ रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते बिजली काट दी जाती, तो शायद किसान की जान बच सकती थी।

Select Language

Advertisement