Connect with us

देहरादून

एम्स ऋषिकेश में कुख्यात विनय त्यागी की मौत: लक्सर पुलिस वाहन पर हुई थी फायरिंग

Published

on

खबर शेयर करें 👉

एम्स ऋषिकेश में भर्ती कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की उपचार के दौरान मौत हो गई। लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर पुलिस वाहन पर हुई अंधाधुंध फायरिंग में उसे तीन गोलियां लगी थीं।

देहरादून। उत्तराखंड के एम्स ऋषिकेश में भर्ती कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की आज उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के तीसरे दिन उसने ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। बुधवार को लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर पेशी के दौरान बदमाशों ने पुलिस वाहन पर हमला किया था। इस हमले में विनय त्यागी के सीने, हाथ और गले में गोलियां लगी थीं। एम्स के पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने उसकी मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि की है।
यह सनसनीखेज वारदात बुधवार दोपहर करीब एक बजे लक्सर-हरिद्वार हाईवे के ओवरब्रिज पर हुई थी। मेरठ निवासी विनय त्यागी को रुड़की जेल से लक्सर कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था। जब पुलिस की टाटा सूमो जाम के कारण फ्लाईओवर पर रुकी, तभी बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में विनय त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के दूसरे दिन ही दोनों शूटरों को खानपुर के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सन्नी और विनय के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद था। विनय त्यागी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था, जिससे भड़ककर सन्नी ने हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए लक्सर-रुड़की मार्ग पर पूरी रेकी की थी। उन्हें पता था कि विनय को लक्सर कोर्ट में पेश किया जाना है। फिलहाल, विनय त्यागी की मौत के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। गैंगवार की आशंका को देखते हुए जेलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस मामले में पुलिस अब अन्य मददगारों और साजिशकर्ताओं की तलाश में जुटी है।

Select Language

Advertisement