नैनीताल
नैनीताल में हाई वोल्टेज ड्रामा: पति और प्रेमिका को पत्नी ने बीच सड़क पकड़ा, जमकर हुई तोड़फोड़
नैनीताल के डांट चौराहे पर गाजियाबाद के युवक को उसकी पत्नी ने प्रेमिका के साथ रंगे हाथों पकड़ा। कार में तोड़फोड़ और हंगामे के बाद पुलिस को करनी पड़ी दखल।
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल के तल्लीताल स्थित प्रसिद्ध डांट चौराहे पर सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पति-पत्नी और प्रेमिका के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। गाजियाबाद निवासी एक युवक अपनी प्रेमिका के साथ नैनीताल की वादियों का लुत्फ उठा रहा था, तभी अचानक उसकी पत्नी और परिजन वहां धमक पड़े। बीच सड़क हुए इस हंगामे को देख पर्यटकों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पत्नी को काफी समय से पति पर शक था। सोमवार दोपहर जब पत्नी ने डांट चौराहे के पास अपने पति की कार को पहचान लिया, तो उसने तुरंत परिजनों के साथ मिलकर वाहन को घेर लिया। युवक को कार से बाहर निकालने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प और गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई।
आक्रोशित परिजनों ने युवक की कार पर हमला कर दिया और वाहन का शीशा तोड़ डाला। इस गहमागहमी के बीच मौका पाकर प्रेमिका वहां से भाग निकली। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंची तल्लीताल पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे।
मामले की जांच कर रहीं एसआई अंजुला जॉन ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला पहले से ही कोर्ट-कचहरी तक पहुंच चुका है। पुलिस ने थाने में घंटों चली काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया। हालांकि, इस बीच पर्यटकों के बीच यह हंगामा चर्चा का विषय बना रहा।
