हल्द्वानी
किसान आत्महत्या मामला: सीएम धामी ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
ऊधमसिंह नगर के किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं आयुक्त को निष्पक्ष मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं।
देहरादून/हल्द्वानी: ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर निवासी एक किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना को अत्यंत संवेदनशीलता से लिया है। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस दुखद घटना के सभी तथ्यों की पारदर्शी जांच की जाए। उन्होंने प्रशासन को आदेश दिया है कि सच्चाई को जल्द से जल्द सामने लाया जाए। सीएम ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है, तो दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन और पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ से भी विस्तृत जानकारी ली है। शासन स्तर पर इस घटना की पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही है। सरकार का प्रयास है कि जांच में किसी भी तरह का कोई पक्षपात न हो सके।
सीएम धामी ने दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों और सामाजिक संगठनों में रोष है। विपक्ष ने भी मामले को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। अब सभी की नजरें कुमाऊं आयुक्त की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे आत्महत्या के असली कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
