हल्द्वानी
लालकुआं में विवाहिता की संदिग्ध मौत; पिता ने लगाया हत्या का आरोप, शरीर पर मिले चोट के निशान
बिंदुखत्ता में विवाहिता सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रही है।
लालकुआं (हल्द्वानी): नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता क्षेत्र के गांधीनगर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर अपनी बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त है।
हल्दूचौड़ जग्गी डी क्लास निवासी दिनेश भट्ट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी सीमा का विवाह वर्ष 2016 में गांधीनगर निवासी रमेश कुनियाल से हुआ था। सोमवार सुबह ससुराल पक्ष से फोन आया कि सीमा चक्कर खाकर गिर गई है और उसे रुद्रपुर अस्पताल ले जाया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुँचे, तो सीमा का शव मोर्चरी में रखा मिला।
मृतका के पिता दिनेश भट्ट ने आरोप लगाया है कि यह कोई सामान्य मौत या हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने बताया कि सीमा के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। पिता के अनुसार, सीमा के दो छोटे बच्चे हैं और पूर्व में भी ससुराल पक्ष के साथ उसका विवाद रहा था, जिसकी शिकायत पुलिस में भी दर्ज की गई थी।
जानकारी के अनुसार, सीमा का पति होटल लाइन में काम करता है और घटना से दो दिन पहले ही वह घर लौटा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू की गहराई से जांच कर रहे हैं और मायके पक्ष के आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। यदि रिपोर्ट में चोट या किसी अन्य प्रकार की अनहोनी की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
