देहरादून
ऋषिकेश हत्याकांड: शादी से इनकार पर एम्स कर्मी प्रीति की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार
ऋषिकेश के शिवाजी नगर में एम्स कर्मी प्रीति रावत की सुरेश गुप्ता ने गोली मारकर हत्या कर दी। शादी का दबाव और जमीन का विवाद बना मौत का कारण। पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें।
ऋषिकेश। शिवाजी नगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ गली नंबर-16 में रहने वाली 32 वर्षीय प्रीति रावत की एक युवक ने घर में घुसकर सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुरेश गुप्ता मौके से फरार हो गया। मृतका एम्स ऋषिकेश में आउटसोर्सिंग अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात से ठीक पहले आरोपी ने प्रीति के पिता को फोन कर धमकी दी थी। आरोपी सुरेश गुप्ता प्रीति पर शादी करने का अनावश्यक दबाव बना रहा था, जिसे प्रीति ने ठुकरा दिया था। पिता बच्चन सिंह रावत के अनुसार, आरोपी ने फोन पर कहा था कि तुम्हारी बेटी मेरी बात नहीं मान रही है, उसे समझा लो, वरना अंजाम ठीक नहीं होगा।
घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे की है। आसपास के लोगों ने जब गोली चलने की आवाज सुनी, तो वे प्रीति के कमरे की ओर दौड़े। वहाँ प्रीति फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे तुरंत एम्स ऋषिकेश पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने घर के जालीदार दरवाजे से सटाकर गोली चलाई थी।
पूछताछ में पता चला कि प्रीति और आरोपी सुरेश दोनों का अपने-अपने जीवनसाथी से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई। हालांकि, हाल के दिनों में शादी की बात और 35 लाख रुपये की जमीन बेचने के विवाद को लेकर दोनों के बीच अनबन चल रही थी। प्रीति मूल रूप से यमकेश्वर की रहने वाली थी और उसका 8 साल का बेटा नाना-नानी के पास रहता है।
एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी सुरेश गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
