हल्द्वानी
लालकुआं में मंगेतर के धोखे से आहत युवक ने दी जान, रामनगर में संदिग्ध मौत
लालकुआं में टेलीकॉम सर्वेयर विनय प्रजापति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या। मंगेतर पर धोखे का आरोप लगाकर सोशल मीडिया पर लिखा दर्द। रामनगर में भी एक युवक का शव मिला।
लालकुआं: लालकुआं के अंबेडकर नगर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत 33 वर्षीय सर्वेयर विनय प्रजापति ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का रहने वाला विनय अपनी शादी तय होने के बाद से ही मानसिक तनाव में था।
सोशल मीडिया पर बयां किया अपना दर्द
घटना से कुछ समय पहले विनय ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस और सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी मंगेतर के साथ तस्वीरें साझा की थीं। इन पोस्ट्स में उसने अपनी मंगेतर पर धोखेबाजी का गंभीर आरोप लगाते हुए गहरा आक्रोश व्यक्त किया था। परिजनों का आरोप है कि युवती की बेवफाई के कारण वह काफी समय से Mentally Harassed महसूस कर रहा था।
भाई को नहीं हुआ अनहोनी का आभास
विनय यहाँ अपने चचेरे भाई रावेंद्र के साथ रहता था। रावेंद्र ने बताया कि शाम 4:30 बजे ही विनय ने उसे फोन कर खाने के बारे में पूछा था, तब उसकी बातों से ऐसा नहीं लगा कि वह कोई आत्मघाती कदम उठाने वाला है। शाम 5:30 बजे जब रावेंद्र काम से लौटा, तो कमरा अंदर से बंद मिला और पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ने पर विनय का शव पंखे से लटका मिला।
रामनगर में भी संदिग्ध हालात में मौत
इधर रामनगर के पीरूमदारा में भी एक 21 वर्षीय युवक लेखराज का शव पंखे के कुंडे से लटका पाया गया। मृतक मूल रूप से बिजनौर (यूपी) का रहने वाला था और मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार युवक नशे का आदी था। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस की जांच और साक्ष्य संकलन
लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस ने विनय के फोन के कॉल रिकॉर्ड्स और सोशल मीडिया पोस्ट को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या मंगेतर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया जा सकता है।
