हल्द्वानी
हल्द्वानी में कियो किशन कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट संपन्न, 28 बच्चों ने दिखाया दम
हल्द्वानी के देवभूमि एजुकेशन सोसाइटी में कियो किशन कराटे फाउंडेशन उत्तराखंड द्वारा बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट का आयोजन किया गया। 28 बच्चों ने परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा साबित की।
हल्द्वानी। कियो किशन कराटे फाउंडेशन उत्तराखंड द्वारा हल्द्वानी के देवलचौड़ स्थित देवभूमि एजुकेशन सोसाइटी में एक भव्य कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 28 बच्चों ने भाग लेकर अपनी मार्शल आर्ट्स स्किल्स का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हर्षवर्धन पांडे (जिला महामंत्री, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल) और पार्षद भागीरथी देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रदेश अध्यक्ष रूपेंद्र नागर ने बताया कि इस ग्रेडिंग टेस्ट की निगरानी राष्ट्रीय सचिव और सीनियर कोच हरिश्चंद्र पांडे (4th डान ब्लैक बेल्ट) के नेतृत्व में की गई। अक्षिता पांडे, दीपक रावल और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मुजाहिद इस्लाम सहित कई अनुभवी कोचों ने बच्चों की तकनीकी क्षमताओं को परखा। टेस्ट देने वाले बच्चों में रमजा मुजाहिद, रोहित सिंह, सौजन्या गंगोला और मृदुल चिलवाल जैसे होनहार नाम शामिल रहे।
इस दौरान हाल ही में देहरादून में आयोजित 35वें नेशनल टूर्नामेंट के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। नैनीताल जिले के 14 खिलाड़ियों ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 8 गोल्ड, 4 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया था। अतिथियों ने इन खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर और प्रमाण पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अभिषेक कश्यप, सूरज प्रकाश और पवन बिष्ट मौजूद रहे। अभिभावकों और अतिथियों ने कियो किशन कराटे फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की। प्रधानाचार्य पूजा बिष्ट और समाजसेवी सीमा ढोलगाई ने बच्चों के अनुशासन और खेल भावना को प्रेरणादायक बताया। यह आयोजन क्षेत्र में मार्शल आर्ट्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा।

