उधमसिंह नगर
सीएम धामी ने रुद्रपुर में की 5 बड़ी घोषणाएं, अवैध मदरसों पर कड़ा प्रहार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में विकास योजनाओं का पिटारा खोला। 250 अवैध मदरसों पर ताला लगाने और बंगाली समाज के लिए बड़े ऐलान। पढ़ें पूरी खबर।
रुद्रपुर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने घोषणा की कि मानसखंड कॉरिडोर के तहत गोल्ज्यू, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को आपस में जोड़ा जाएगा। इन धार्मिक स्थलों पर भव्य मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। साथ ही, रुद्रपुर नगर निगम के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में नए आवासों का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भूरारानी और गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का ऐलान किया। इसके अलावा, अटारिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। बंगाली समाज के लिए ‘गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष’ को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ कर दिया गया है। सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा खाली कराई गई जमीनों पर विकास से पहले उचित अध्ययन होगा।
धामी ने बंगाली समाज को नजूल भूमि पर मालिकाना हक दिलाने की अपनी सरकार की उपलब्धि भी गिनाई। उन्होंने कहा कि इससे अब लोग बिना किसी डर के अपने पक्के मकान बना सकेंगे। सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात दोहराई।
शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए सीएम ने बताया कि मदरसा बोर्ड को समाप्त कर ‘उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण’ का गठन किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण का माध्यम बने। सीएम ने कहा कि प्रदेश में करीब 250 अवैध मदरसों पर ताला लगाकर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ रोका गया है।
भ्रष्टाचार और नकल माफिया पर प्रहार करते हुए धामी ने कहा कि अब तक 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे जा चुके हैं। पिछले साढ़े चार वर्षों में पारदर्शी तरीके से 28 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार का लक्ष्य देवभूमि को अस्थिर करने वाली हर साजिश को नाकाम कर विकास की नई ऊंचाईयों तक पहुंचाना है।
