देहरादून
देहरादून: निजी स्कूल की हल्द्वानी निवासी शिक्षिका ने की आत्महत्या, होली मनाकर लौटी थी घर
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में बालावाला स्थित शिव शक्ति एन्क्लेव में 23 वर्षीय शिक्षिका राजलक्ष्मी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस जांच जारी।
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के बालावाला इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ एक निजी स्कूल की 23 वर्षीय शिक्षिका ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका मूल रूप से हल्द्वानी की रहने वाली थी और यहाँ बालावाला के शिव शक्ति एन्क्लेव में अकेले रहती थी।
घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। एसओ रायपुर गिरीश नेगी के अनुसार, राजलक्ष्मी पुत्री लोकेश पांडे बालावाला में एक मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहती थी। उनकी माँ किरन पांडे हल्द्वानी के मोती नगर में रहती हैं। बताया जा रहा है कि राजलक्ष्मी बुधवार को अपने दोस्तों के साथ होली का जश्न मनाने बाहर गई थी और काफी खुश दिख रही थी।
रात करीब नौ बजे दोस्त उसे घर छोड़कर गए थे। इसके महज 15 मिनट बाद नीचे रहने वाले किरायेदार विमल भट्ट की बेटी हर्षिता किसी काम से ऊपर गई, तो उसने राजलक्ष्मी को कमरे में पंखे से लटका पाया। हर्षिता के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। दरवाजे की जाली तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और तत्काल कैलाश अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत के कारणों पर सस्पेंस बना हुआ है। पुलिस अब राजलक्ष्मी के दोस्तों से पूछताछ कर रही है और उसके मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। इस घटना से बालावाला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
