Connect with us

उत्तराखण्ड

धामी कैबिनेट विस्तार आज: नवरात्रि के शुभ संयोग में 5 नए मंत्री लेंगे शपथ, देखें लिस्ट

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में धामी मंत्रिमंडल का विस्तार आज। मदन कौशिक, खजान दास समेत 5 विधायक बनेंगे मंत्री। नवरात्रि और शुक्रवार के शुभ अवसर पर राजभवन में होगा शपथ ग्रहण।

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चल रहे सस्पेंस पर आज विराम लगने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज अपनी कैबिनेट का विस्तार करने जा रहे हैं। मंत्रिमंडल के सभी पांच रिक्त पदों को भरने का अंतिम निर्णय ले लिया गया है, जिसके लिए मुख्यमंत्री राजभवन पहुंच चुके हैं। नवरात्रि के पावन पर्व और शुक्रवार के शुभ संयोग के बीच होने वाले इस विस्तार को धामी सरकार का बड़ा राजनीतिक ‘मास्टर स्ट्रोक’ माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, इस बार मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की पूरी कोशिश की गई है। संभावित मंत्रियों की सूची में मदन कौशिक, भरत चौधरी, खजान दास, राम सिंह कैड़ा और प्रदीप बत्रा के नाम सबसे आगे हैं। बताया जा रहा है कि इस चयन में उन जिलों को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिन्हें अब तक सरकार में उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया था। इसमें हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ और टिहरी जैसे महत्वपूर्ण जिलों पर फोकस किया गया है।
गौरतलब है कि धामी कैबिनेट में खाली पड़े पांच पदों को लेकर काफी समय से दिल्ली से लेकर देहरादून तक मंथन चल रहा था। हाल ही में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नेतृत्व से इस संबंध में विस्तृत चर्चा की थी, जिसके बाद उन्हें विस्तार के लिए ‘फ्री हैंड’ दे दिया गया। इस फैसले से मुख्यमंत्री ने न केवल संगठन के भीतर असंतोष को शांत करने का प्रयास किया है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले अपनी टीम को और अधिक मजबूत कर लिया है।
राज्य में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आज शपथ लेने वाले नए मंत्रियों के पास काम करने के लिए करीब 10 महीने का समय होगा। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि नवरात्रि के दौरान यह विस्तार कर मुख्यमंत्री ने एक गहरा संदेश दिया है। आज दोपहर तक आधिकारिक तौर पर शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो जाएगा, जिसके बाद नए मंत्रियों को उनके विभागों का आवंटन किया जाएगा।

Select Language

Advertisement