Connect with us

उधमसिंह नगर

रुद्रपुर में कांग्रेस का बड़ा सियासी दांव: राजकुमार ठुकराल और नारायण पाल शामिल, मीना शर्मा का इस्तीफा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

आगामी चुनाव से पहले उत्तराखंड कांग्रेस में बड़ी हलचल। दिल्ली में कुमारी शैलजा ने राजकुमार ठुकराल और नारायण पाल को दिलाई सदस्यता। रुद्रपुर में मीना शर्मा ने दिया इस्तीफा।

रुद्रपुर/दिल्ली: आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। दिल्ली में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की मौजूदगी में क्षेत्र के दो दिग्गज चेहरों, राजकुमार ठुकराल और नारायण पाल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पार्टी के इस कदम को तराई क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि कांग्रेस राजकुमार ठुकराल को रुद्रपुर विधानसभा सीट और नारायण पाल को सितारगंज विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। राजकुमार ठुकराल की क्षेत्र में मजबूत पकड़ और नारायण पाल का सितारगंज में प्रभाव कांग्रेस के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है। इन दोनों नेताओं के आने से कांग्रेस को उम्मीद है कि वह आगामी चुनावों में सत्ता की राह आसान कर सकेगी।
हालांकि, ठुकराल की एंट्री के तुरंत बाद रुद्रपुर कांग्रेस में असंतोष के स्वर भी फूटने लगे हैं। पूर्व पालिकाध्यक्ष और 2022 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुकीं वरिष्ठ नेत्री मीना शर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मीना शर्मा ने पार्टी के इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए प्रेस वार्ता बुलाई है। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी पार्टी के भविष्य के लिए ठीक नहीं है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ठुकराल और पाल की एंट्री से जहां एक ओर कांग्रेस सांगठनिक रूप से मजबूत दिख रही है, वहीं मीना शर्मा जैसे पुराने चेहरों का हटना पार्टी के भीतर ‘भीतरी बनाम बाहरी’ की जंग को हवा दे सकता है। अब देखना यह होगा कि कुमारी शैलजा और प्रदेश नेतृत्व इस आंतरिक कलह को कैसे शांत करते हैं। रुद्रपुर और सितारगंज की सीटों पर अब पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं।

Select Language

Advertisement