हल्द्वानी
योगेश रजवार बने उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य, युवाओं में जश्न
भाजपा के पूर्व जिला मंत्री योगेश सिंह रजवार को उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। रानीबाग कार्यालय पर युवाओं ने की आतिशबाजी।
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी नैनीताल के निवर्तमान जिला मंत्री और पूर्व जिला अध्यक्ष श्री योगेश सिंह रजवार को उत्तराखंड सरकार ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें “उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग” में सदस्य के महत्वपूर्ण पद पर मनोनीत किया गया है। इस घोषणा के बाद से ही जनपद के युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखा जा रहा है।

कल रात्रि बड़ी संख्या में युवाओं ने रानीबाग स्थित उनके कार्यालय पर पहुँचकर उन्हें भव्य शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इस दौरान समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जमकर आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। योगेश रजवार को जिले में युवाओं की एक मुखर और प्रभावशाली आवाज के रूप में जाना जाता है। युवाओं का मानना है कि उनकी संगठन के प्रति मेहनत, लगन और समाज के प्रति समर्पण का ही यह प्रतिफल है।

अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए योगेश सिंह रजवार ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “प्रदेश के मुखिया ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूँगा। मेरा मुख्य लक्ष्य वंचित, शोषित और असहाय बच्चों के अधिकारों का संरक्षण करना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करना होगा।”
इस अवसर पर जिला महामंत्री युवा मोर्चा कमल रावत, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और भरत वल्दिया सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। उपस्थित जनों ने विश्वास जताया कि रजवार अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, पंकज कोरंगा, सुमित वर्मा, मनोज गोस्वामी और लोकेश यादव सहित बड़ी संख्या में युवा एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
