Connect with us

उधमसिंह नगर

किच्छा एम्स सैटेलाइट सेंटर का निरीक्षण: अगस्त 2026 से शुरू होगी ओपीडी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किच्छा में निर्माणाधीन एम्स सैटेलाइट सेंटर का निरीक्षण किया। जानें कब तक पूरा होगा 351 करोड़ का यह प्रोजेक्ट और क्या मिलेंगी सुविधाएं।

किच्छा (ऊधम सिंह नगर): उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को किच्छा में निर्माणाधीन एम्स सैटेलाइट सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। 351 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस 280 बेड के अस्पताल का काम अब अपने अंतिम चरण में है। मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने सीपीओडब्ल्यूडी (CPWD) के अभियंताओं को श्रमिकों की संख्या और उपकरणों को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी जुलाई 2026 तक निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए। सरकार का लक्ष्य है कि इस बहुप्रतीक्षित एम्स सैटेलाइट सेंटर में अगस्त 2026 से ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएं, ताकि स्थानीय जनता को इलाज मिल सके।
निर्माण की प्रगति साझा करते हुए सीपीओडब्ल्यूडी के अभियंता उत्पल त्रिपाठी ने बताया कि अब तक 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। आवासीय भवनों और अस्पताल की सड़कों का काम मई तक पूरा कर लिया जाएगा। इस अत्याधुनिक अस्पताल में 250 सामान्य बेड के अलावा 10 ओटी और 30 आईसीयू बेड की सुविधा होगी। यहाँ कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी और ट्रॉमा जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा किया जाएगा।
एम्स ऋषिकेश की निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने भी पुष्टि की कि यदि जुलाई में भवन हस्तगत हो जाता है, तो ओपीडी संचालन तत्काल शुरू कर दिया जाएगा। मुख्य सचिव और मंडलायुक्त दीपक रावत ने इस दौरान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस मौके पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया समेत जनपद के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे।
यह सैटेलाइट सेंटर कुमाऊं क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे के लिए मील का पत्थर साबित होगा। एम्स की तर्ज पर मिलने वाली सुविधाओं से अब मरीजों को दिल्ली या ऋषिकेश की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सिंचाई विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि जुलाई से पहले अस्पताल के पहुंच मार्गों और पुलियों का निर्माण कार्य पूरा कर लें।

Select Language

Advertisement