उधमसिंह नगर
खटीमा में निकाह के दौरान बड़ा बवाल: मेहर और दहेज विवाद में दुल्हन के पिता की मौत, बाराती बंधक
खटीमा में निकाह के दौरान मेहर की रकम और दहेज विवाद के बीच दुल्हन के पिता को हार्ट अटैक आ गया। मौत से गुस्साए परिजनों ने दूल्हे और बारातियों को बंधक बना लिया।
खटीमा। एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां निकाह के दौरान मेहर की रकम और दहेज की मांग को लेकर दोनों पक्षों में भारी विवाद हो गया। इस बहस के बीच अचानक दुल्हन के पिता की हार्ट अटैक आने से दर्दनाक मौत हो गई। पिता की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। घटना से गुस्साए लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे सहित कई बारातियों को बंधक बना लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खटीमा के इस्लामनगर वार्ड नंबर-7 निवासी सादिक ठेकेदार की बेटी की बारात रविवार को उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के बड़ा फरीदपुर से आई थी। विवाह की रस्में शुरू होने के बाद अचानक निकाह के समय मेहर की राशि को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि शादी तय होने के बाद भी लड़का पक्ष के लोग लगातार अपनी मांग बदल रहे थे। उन्होंने पहले स्कूटी और बाद में अपाचे बाइक के साथ एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग रख दी।
विवाद उस समय और गहरा गया जब लड़की पक्ष के लोग मेहर की राशि पांच लाख रुपये तय करने पर अड़ गए। इसके विपरीत, दूल्हा पक्ष 21 हजार रुपये से अधिक देने को कतई तैयार नहीं था। इसी तीखी बहस और तनाव के बीच दुल्हन के पिता सादिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत से विवाह स्थल पर भारी आक्रोश फैल गया।
लड़की के पिता की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने दूल्हे, उसके पिता, भाई और अन्य बारातियों को मैरिज हॉल के भीतर ही बंधक बना लिया। इस दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कई बाराती अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हॉल के पास बने एक मकान की छत से कूदकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
