Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

टिहरी ओनर किलिंग: प्रेम प्रसंग में 18 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

टिहरी के प्रतापनगर में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या। दोस्त गंभीर रूप से घायल। गुस्साए परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार।

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ थाना लंबगांव क्षेत्र के अंतर्गत प्रतापनगर के खोलगढ़ गांव में कथित रूप से प्रेम प्रसंग के चलते एक 18 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जानलेवा हमले में मृतक का एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। इस वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से देवल गांव (प्रतापनगर) निवासी धनपाल लाल के 18 वर्षीय पुत्र कीर्तन को रविवार रात करीब 11 बजे खोलगढ़ गांव की एक युवती के मोबाइल से फोन कर बुलाया गया था। मृतक के पिता का आरोप है कि कीर्तन जब अपने दोस्त दिवाकर के साथ वहां पहुंचा, तो युवती के पिता ने अपनी बेटी के साथ मिलकर दोनों युवकों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना बर्बर था कि दोनों युवक रातभर लहूलुहान हालत में मौके पर ही पड़े रहे।
सोमवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर परिजन आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल ले गए। कीर्तन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चौंड पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिवाकर को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना से गुस्साए परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर सीएचसी लंबगांव में रखे मृतक के शव को उठाने से साफ इनकार कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिजनों की मांग है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) दीपक सिंह ने बताया कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Select Language

Advertisement