Connect with us

देहरादून

विकासनगर में हैवानियत: बेटे की चाहत में गर्भवती पत्नी को दिया करंट, बच्ची की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

विकासनगर के सहसपुर में दिल दहला देने वाली वारदात। बेटे की चाहत में पति ने गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटा और करंट लगाया, पेट में ही नवजात बच्ची की मौत।

देहरादून। विकासनगर क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। सहसपुर क्षेत्र में बेटे की चाहत में एक कलयुगी पति ने अपनी आठ महीने की गर्भवती पत्नी के पेट पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए आरोपी ने पत्नी को पानी के टब में डालकर करंट भी लगाया। इस बर्बर पिटाई और यातना के कारण गर्भ में पल रही मासूम बच्ची की पेट के अंदर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
पीड़ित महिला को गंभीर हालत में देहरादून के दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने मंगलवार को आपातकालीन ऑपरेशन (सर्जरी) के जरिए मृत शिशु को बाहर निकाला। पीड़िता की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। इस मामले में पीड़िता के पिता शेरसिंह निवासी बालूवाला, विकासनगर ने सहसपुर कोतवाली में आरोपी दामाद के खिलाफ नामजद तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता सीमा की शादी सात साल पहले बबलू निवासी पानीपत (हाल निवासी जस्सोवाला, विकासनगर) से हुई थी। सीमा की पहले से ही दो बेटियां हैं, जिससे उसका पति बबलू खुश नहीं रहता था। वह अक्सर बेटियों के जन्म को लेकर सीमा के साथ मारपीट और उत्पीड़न करता था। आरोप है कि चार-पांच दिन पहले आरोपी पति सीमा को जबरदस्ती हरियाणा के पानीपत ले गया और वहां गैर कानूनी तरीके से उसका भ्रूण लिंग परीक्षण करवाया।
अवैध जांच में गर्भ में फिर से बेटी होने की पुष्टि होने के बाद आरोपी आपा खो बैठा। उसने घर लौटकर सीमा को जान से मारने की नीयत से पानी से भरे टब में करंट लगा दिया और पेट पर बेरहमी से वार किए। सहसपुर कोतवाल प्रदीप रावत ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Select Language

Advertisement