नैनीताल
कुमाऊं की नवनियुक्त आईजी निवेदिता कुकरेती ने संभाला कार्यभार, कैंची धाम मेले पर फोकस
कुमाऊं रेंज की नई आईजी निवेदिता कुकरेती ने पदभार ग्रहण किया। कैंची धाम मेले की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और नशे के खिलाफ अभियान उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी।
नैनीताल। कुमाऊं रेंज की नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया है। आईजी ने कहा कि वर्तमान पर्यटन सीजन और आगामी प्रसिद्ध कैंची धाम मेले के मद्देनजर यातायात (ट्रैफिक) और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है। इसके अलावा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग से पुलिसिंग को और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाएगा।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी निवेदिता कुकरेती एक्शन मोड में नजर आईं। वह नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के साथ सीधे बाबा नीम करौली के पावन धाम कैंची धाम पहुंचीं। वहां उन्होंने आगामी मेले और पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग स्थलों, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात संबंधित पुलिस अधिकारियों को यातायात सुचारू रखने के लिए कड़े दिशा-निर्देश भी जारी किए।
पत्रकार वार्ता के दौरान आईजी ने कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पैर पसार रहे नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बदलते दौर में सीसीटीएनएस और नए कानूनों (बीएनएस) के तहत डिजिटल एवं ई-साक्ष्यों के संकलन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिसके लिए पुलिस कर्मियों को विशेष तकनीकी प्रशिक्षण भी मिलेगा।
इससे पहले, नवनियुक्त आईजी निवेदिता कुकरेती ने नैनीताल के राजभवन (लोक भवन) पहुंचकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने कुमाऊं मंडल की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने नई आईजी को उनके नए और महत्वपूर्ण दायित्व के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। आईजी ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनता को मित्र पुलिस का बेहतर चेहरा देखने को मिलेगा।
