उत्तराखंड पुलिस
सेलाकुई में तंत्र-मंत्र के नाम पर 65 तोला सोना ठगने वाला ढोंगी बाबा गिरफ्तार
देहरादून के सेलाकुई में महिला को अनिष्ट का डर दिखाकर 65 तोला सोना ठगने वाले तांत्रिक राहुल थापा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पढ़िए पूरी खबर।
देहरादून। सेलाकुई क्षेत्र से अंधविश्वास और ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का डर दिखाकर एक महिला से 65 तोला सोना ठगने वाले ढोंगी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने 15 तोला सोना और पांच लाख रुपये की नकदी बरामद की है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
यह पूरी घटना शहीद किशन थापा मार्ग निवासी ओशीन गुरुंग की शिकायत पर उजागर हुई। आरोपी राहुल थापा पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है और उसने अमीर शिष्यों को निशाना बनाने के लिए यह जाल बुना था। वह रात के समय पीड़िता के घर के बाहर जादू-टोने की पोटली फेंक देता था। अगली सुबह वह फोन कर घर में भारी अनिष्ट होने का नाटक रचता था और वीडियो कॉल पर डराकर पूजा के लिए राजी करता था।
ठगी की इस वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने बड़ी चालाकी से अनुष्ठान के नाम पर एक नया संदूक मंगवाया। उसने महिला और उसकी मां के सारे जेवर एक पोटली में बांधकर उसी संदूक में रखवा दिए। इसके बाद उसने दोनों महिलाओं को चावल देकर छत की परिक्रमा करने भेज दिया। जैसे ही महिलाएं छत पर गईं, आरोपी ने संदूक से सारा सोना निकाल लिया और संदूक बंद कर 62 दिन बाद खोलने को कहा।
पुलिस पूछताछ में आरोपी राहुल थापा ने कबूल किया कि वह साल 2013 से पंडिताई का काम कर रहा था। लेकिन जल्दी अमीर बनने और अधिक धन कमाने के लालच में वह तांत्रिक बनकर ठगी करने लगा। पुलिस अब बाकी बचे हुए आभूषणों की बरामदगी के लिए आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। साथ ही उसके अन्य संभावित सहयोगियों और पुराने आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस कप्तान ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे ढोंगी बाबाओं और अंधविश्वास के चक्कर में न पड़ें। किसी भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति के बहकावे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई और आभूषण उनके हवाले बिल्कुल न करें। यदि कोई आपको इस तरह डराने का प्रयास करता है, तो तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में इसकी सूचना दें। आपकी सतर्कता ही आपको ऐसे शातिर अपराधियों से सुरक्षित रख सकती है।
