देहरादून
देहरादून में तनाव: भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या के बाद बवाल, आरोपितों के घरों पर चला बुलडोजर
विकासनगर के बैरागीवाला गांव में पानी के विवाद में भाजपा नेता विनोद कश्यप की हथौड़े से वार कर हत्या। तनाव के बाद पुलिस ने आरोपियों के घरों को ढहाया, लाठीचार्ज।
देहरादून। जिले के विकासनगर क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। सहसपुर कोतवाली के अंतर्गत आने वाले बैरागीवाला गांव में शनिवार देर शाम एक भाजपा नेता की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विनोद कश्यप के रूप में हुई है, जो भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक थे। इस हिंसक हमले में उनके परिवार के तीन अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस जांच में पता चला है कि यह पूरा विवाद खेत की सिंचाई के लिए पानी लेने को लेकर शुरू हुआ था। मृतक के पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों के साथ पानी को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद शनिवार देर शाम दर्जनों लोग लाठी-डंडे, हथौड़े और बेलचे लेकर विनोद कश्यप के घर में घुस गए। हमलावरों ने पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें हथौड़े के वार से विनोद की मौके पर ही मौत हो गई।
इस निर्मम हत्याकांड के विरोध में रविवार को स्थानीय ग्रामीणों और हिंदू संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों पर धावा बोलकर जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और बुलडोजर चलाकर आरोपियों की दो दुकानों और दो घरों को ध्वस्त कर दिया। हालांकि, पूरा मकान न तोड़े जाने से नाराज भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद लोगों समेत करीब 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में फिलहाल भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात है और पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो चुका है। परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया है।
