देहरादून
ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: गंगा में स्नान के दौरान दिल्ली का दंपति बहा, तलाश जारी
ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर में गंगा स्नान के दौरान दिल्ली के उत्तम नगर निवासी पति-पत्नी तेज बहाव में बह गए। एसडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी है।
ऋषिकेश। एक बेहद दुखद और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। तीर्थ नगरी ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर स्थित श्मशान घाट के पास गंगा नदी में स्नान करते समय दिल्ली निवासी एक विवाहित दंपति तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव दल ने नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि यह हादसा रविवार शाम करीब 5 बजे हुआ। दिल्ली के उत्तम नगर के जय विहार इलाके से कुछ पर्यटक अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आए थे। टहलते हुए सभी लोग चंद्रेश्वर नगर घाट की तरफ चले गए और गंगा नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान नदी की गहराई और पानी का तेज बहाव होने के कारण पति-पत्नी अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चले गए।
नदी में डूब रहे पति-पत्नी को बचाने के लिए उनके एक साथी ने तुरंत कोशिश की। लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह साथी भी खुद डूबने लगा। घाट पर मौजूद अन्य स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह उस तीसरे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे का शिकार हुए दंपति की पहचान उत्तम नगर निवासी 30 वर्षीय मनीष आर्य और उनकी 28 वर्षीय पत्नी जानकी के रूप में हुई है।
एसडीआरएफ के डीप डाइवर्स की टीम ने दुर्घटनास्थल के आस-पास के बड़े हिस्से में गहन खोजबीन अभियान चलाया। हालांकि, पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण खबर लिखे जाने तक लापता दंपति का कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटना की जानकारी पीड़ित परिवार के परिजनों को दे दी है। इसके साथ ही प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे गंगा के खतरनाक और प्रतिबंधित घाटों पर स्नान करने से बचें।
