नैनीताल
नैनीताल में नीट रैली के दौरान पीएम के खिलाफ टिप्पणी पर शिकायत दर्ज
नैनीताल में नीट परीक्षा धांधली रैली के दौरान पीएम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला। पुलिस में शिकायत दर्ज, सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर जांच शुरू।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में नीट पेपर लीक मामले को लेकर निकाली गई एक रैली विवादों में घिर गई है। विरोध प्रदर्शन के दौरान देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में तल्लीताल निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता मनोज पवार ने तल्लीताल कोतवाली में दी गई अपनी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले स्थानीय निवासियों और छात्रों ने संयुक्त रूप से रैली निकाली थी। यह रैली मल्लीताल से शुरू होकर तल्लीताल गांधी चौक तक पहुंची थी। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हो रहा है। इससे आम नागरिकों और समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश के संवैधानिक पद पर बैठे प्रधानमंत्री के खिलाफ सार्वजनिक मंच से इस तरह की अभद्र टिप्पणियां करना बिल्कुल भी उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस से वीडियो फुटेज के आधार पर जांच कर सख्त कदम उठाने का आग्रह किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। तल्लीताल कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त हो चुका है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और रैली के अन्य फुटेज की बारीकी से पड़ताल कर रही है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
