उधमसिंह नगर
ऊधमसिंहनगर में युवती से बंधक बनाकर दुष्कर्म, जबरन शादी और मारपीट का मामला आया सामने
ऊधमसिंहनगर के आईटीआई क्षेत्र में युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म और जबरन शादी का सनसनीखेज मामला। अदालत के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी।
ऊधमसिंहनगर। जिले के आईटीआई थाना क्षेत्र से एक बेहद संगीन मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने दो युवकों पर उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और एक आरोपी द्वारा जबरन शादी कर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में न्यायालय के सख्त रुख के बाद पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में दिए गए प्रार्थनापत्र के अनुसार, पीड़िता आईटीआई क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही थी। आरोप है कि 5 मार्च 2026 की शाम को उसकी बहन का देवर मोहित चौहान और उसका साथी प्रिंस शराब के नशे में उसके कमरे पर आए। उन्होंने युवती और उसकी बहन के साथ गाली-गलौज व अभद्रता की। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद जब युवती पुलिस कोतवाली शिकायत दर्ज कराने जा रही थी, तब दोनों आरोपियों ने उसे रास्ते से जबरन बाइक पर अगवा कर लिया। आरोप है कि वे उसे अपने घर ले गए और एक कमरे में चार दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, 9 मार्च 2026 को जब वह किसी तरह वहां से भागने की कोशिश कर रही थी, तभी आरोपी मोहित और उसके माता-पिता ने उसे दबोच लिया। उन्होंने पंचायत और दबाव बनाकर जबरन मोहित से उसकी शादी करवा दी। हालांकि, पीड़िता 14 मार्च को किसी तरह उनके चंगुल से भागने में सफल रही। इसके बाद 23 जून को आरोपी पक्ष ने फिर से उसके साथ मारपीट की और जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।
पीड़िता का आरोप है कि उसने स्थानीय पुलिस से मामले की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। न्याय न मिलने पर पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार ने प्रार्थनापत्र स्वीकार कर लिया है और आईटीआई थाना प्रभारी को इस मामले में तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं।
