Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड मौसम अलर्ट: 14 से 17 अगस्त भारी बारिश का ऑरेंज-येलो अलर्ट

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट किया जारी।

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने के लिए तैयार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर राज्य में 14 से 17 अगस्त 2026 तक भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जनपदों को पत्र भेजकर सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे प्रदेश में प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन टीमों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है।
14 और 16 अगस्त को इन जिलों में रहेगा ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जनपदों में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की प्रबल संभावना के चलते ‘ऑरेंज अलर्ट’ घोषित किया गया है। वहीं अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 15 अगस्त को प्रदेश भर में येलो अलर्ट रहेगा। 16 अगस्त को एक बार फिर चम्पावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी जनपदों में अति तीव्र बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आपदा प्रबंधन सचिव की अपील: मौसम की जानकारी लेकर ही करें यात्रा
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों, नदियों और नालों के पास विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि मौसम की सटीक जानकारी लेने के बाद ही यात्रा का प्लान बनाएं। अतिवृष्टि के दौरान नदियों, उफनाते नालों के समीप जाने और सक्रिय भूस्खलन क्षेत्रों को पार करने का जोखिम बिलकुल न उठाएं।
आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां पूरी
प्रशासन ने लैंडस्लाइड, सड़क बंद होने और जलभराव जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए जेसीबी मशीनों और रेस्क्यू टीमों को संवेदनशील मार्गों पर तैनात कर दिया है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे न खड़े होने और सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी गई है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन आपसी समन्वय बनाकर पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Select Language

Advertisement