Connect with us

नैनीताल

भीमताल के मलवाताल में उल्टी से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, जलजनित बीमारियों का खौफ

Published

on

खबर शेयर करें 👉

भीमताल ब्लॉक के मलवाताल में उल्टी-दस्त से 12 साल के मासूम की मौत। ज्योलीकोट के बाद अब इस घटना से क्षेत्र में खौफ, ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर की मांग की।

नैनीताल। जिले के भीमताल और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जलजनित बीमारियों का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। ज्योलीकोट और नजदीकी क्षेत्रों में फैली बीमारियों के बीच अब भीमताल ब्लॉक के मलवाताल गांव से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां उल्टी-दस्त की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में दहशत और डर का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मलवाताल निवासी हरेंद्र सिंह के 12 वर्षीय पुत्र भास्कर सिंह की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। शनिवार सुबह अचानक हालत अधिक बिगड़ने और लगातार उल्टी-दस्त होने पर परिजन उसे आनन-फानन में सुबह करीब 8:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भीमताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही बच्चे की मृत्यु हो चुकी थी। वहीं गांव के प्रधान लक्ष्मण सिंह गंगोला ने बताया कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद सामान्य है और वे खेती-बाड़ी करके अपना जीवन यापन करते हैं। उन्होंने बताया कि बरसात के इस मौसम में गांव के कई लोग लगातार मौसमी और जलजनित बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
ग्राम प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में तुरंत डॉक्टरों की टीम भेजी जाए। उन्होंने मलवाताल और आसपास के इलाकों में दोबारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते पीने के पानी की शुद्धता और स्वच्छता पर ध्यान नहीं दिया गया, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

Select Language

Advertisement