अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
खटीमा में उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य आगाज, सीएम धामी ने ढोल बजाकर बढ़ाया उत्साह
खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का शुभारंभ हुआ। सीएम पुष्कर सिंह धामी कलाकारों के साथ थिरके और केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने 10 करोड़ की घोषणा की।
खटीमा। तीन दिवसीय ‘उत्तराखंड आदि रंगोत्सव’ का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर इस सांस्कृतिक महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी विशेष रूप से मौजूद रहे। यह कार्यक्रम जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत, संस्कृति और परंपराओं को समर्पित एक अनूठा मंच है।
महोत्सव का माहौल उस समय अत्यधिक उत्साहपूर्ण हो गया जब मुख्यमंत्री धामी स्वयं पारंपरिक रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने स्थानीय जनजातीय कलाकारों के साथ कदम से कदम मिलाकर लोकनृत्य किया और स्वयं ढोल बजाकर सभी का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रंगोत्सव केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जड़ों को सहेजने और नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने का ऐतिहासिक अवसर है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये दिए जाने की बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एक नया एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया।
महोत्सव में उत्तराखंड की थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी जनजातियों के साथ-साथ राजस्थान, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इस विविधतापूर्ण मंच ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की सुंदर झलक पेश की। मुख्यमंत्री ने माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले मोहन सिंह राणा और टीला सेन को भी थारू समाज का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी।




