Connect with us

देहरादून

सेलाकुई: एसटीएफ ने नकली दवा और शराब के लेबल छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सेलाकुई। उत्तराखंड एसटीएफ ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के क्यूआर कोड, आउटर बॉक्स और शराब के नकली लेबल छापने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी थाना सेलाकुई क्षेत्र के बायाखाल इलाके से हुई। इस दौरान एसटीएफ ने आरोपी के पास से दवा कंपनियों के 658 नकली स्टीकर और शराब के 386 नकली स्टीकर बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि दवा कंपनियों और शराब के नकली लेबल तैयार कर उन्हें विभिन्न राज्यों में बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। नकली आउटर बॉक्स और क्यूआर कोड के जरिये नकली दवाइयां पैक कर बाजार में बेची जा रही थीं, जिससे न सिर्फ आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा था बल्कि राजस्व की भी भारी हानि हो रही थी।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून त्यूणी में दो मजदूरों की मौत, पैर फिसलने से 300 मीटर गहरी खाई में गिरे

पुलिस जांच में पता चला कि थाना सेलाकुई क्षेत्र के बायाखाल में संजय पुत्र स्वर्गीय मुखत्यार, मूल निवासी ग्राम हसुलानी, थाना कोपा, जिला छपरा, बिहार दवा कंपनियों के नकली आउटर बॉक्स, क्यूआर कोड और शराब के लेबल छापने का काम करता था। संजय नकली स्टीकर देहरादून के प्रिंटिंग प्रेस से डिजाइन कर छपवाता था और फिर उन्हें दिल्ली के एक व्यक्ति को सप्लाई करता था।

एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से दवाओं के नकली स्टीकर, आउटर बॉक्स, शराब के लेबल सहित भारी मात्रा में अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  रोडवेज: आज गढ़वाल मंडल में हड़ताल, 31 जनवरी की रात से पूरे प्रदेश में ठप रहेगी बस सेवा

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यापक स्तर पर जांच की जा रही है। जांच के दायरे में दिल्ली समेत अन्य राज्यों में नकली माल की आपूर्ति करने वाले गिरोह के सदस्यों की तलाश भी की जा रही है। एसटीएफ की टीम नकली दवा और शराब के कारोबार में लिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Select Language

Advertisement