हल्द्वानी
हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत, दो गंभीर घायल
हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित बेल बाबा मंदिर के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रुद्रपुर से आ रही आल्टो और हल्द्वानी से रुद्रपुर जा रही स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हाफिज शाजिद, शाहजहां और अफसरी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में जाहिद और मुस्कान शामिल हैं। सभी मृतक और घायल हल्द्वानी के बनभूलपुरा लाइन नंबर 17 और 18 के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
रविवार देर रात करीब 1 बजे हुए इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना रात करीब 2 बजे परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायलों को बाहर निकाला। घायलों को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की वजह तेज रफ्तार और रात का समय माना जा रहा है। अचानक हुई इस दुर्घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मौके पर पहुंचे लोगों का कहना है कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास का इलाका दहल उठा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
