हरिद्वार
डंपर की टक्कर से हरिद्वार का पूरा परिवार खत्म, 3 की मौत
हरियाणा के यमुनानगर में भीषण सड़क हादसा। पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास डंपर ने बाइक को रौंदा। हरिद्वार निवासी पति-पत्नी और मासूम बेटे की मौत, गांव में मातम।
यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहाँ पुराना सहारनपुर मार्ग पर पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रहने वाले पति, पत्नी और उनके चार वर्षीय मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान हरिद्वार के झबरेड़ा गांव निवासी 29 वर्षीय सचिन, उनकी 27 वर्षीय पत्नी नेहा और 4 वर्षीय बेटे नोनू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सचिन यमुनानगर के मीना मार्केट में एक कपड़े की दुकान पर काम करते थे। सोमवार को वे अपने परिवार के साथ बाइक पर सवार होकर यमुनानगर से अपने पैतृक गांव लौट रहे थे।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि नेहा सात माह की गर्भवती थी, जिससे इस हादसे का दर्द और बढ़ गया है। सचिन की एक छह साल की बेटी जो गांव में अपनी दादी के साथ थी, अब अनाथ हो गई है।
दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया है। सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और डंपर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। इस घटना के बाद से झबरेड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
