देहरादून
देहरादून: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज की बस, चालक समेत 4 की मौत
विकासनगर में हिमाचल रोडवेज की बस खाई में गिरने से 4 लोगों की मौत और कई घायल। SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी। CM धामी ने दिए एयरलिफ्ट के निर्देश।
विकासनगर: उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम (HRTC) की एक बस कालसी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में बस चालक सहित चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही यह बस हरिपुर-कोटी-मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे के वक्त बस में कुल 36 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही SDRF और कालसी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे में जान गंवाने वालों में यास्मीन बेगम (46), रिचा (30), धन बहादुर और बस चालक दिनेश कुमार (54) शामिल हैं। घायलों का उपचार उप जिला अस्पताल, लेहमन अस्पताल और ग्राफिक एरा अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुँचाया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता पड़ी, तो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया जाएगा। प्रशासन ने सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा है।
