अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
धौलछीना में खूनी संघर्ष: मामूली विवाद में पड़ोसी ने परिवार पर झोंका फायर, 3 घायल
अल्मोड़ा के धौलछीना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद पड़ोसी ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। पति-पत्नी और बेटा घायल। आरोपी राजेंद्र सिंह नेगी गिरफ्तार।
धौलछीना (अल्मोड़ा): उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के अंतर्गत धौलछीना थाना क्षेत्र के मंगलता गांव में शनिवार शाम एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। यहाँ एक व्यक्ति ने अपने ही पड़ोसी के परिवार पर लाइसेंसी बंदूक से फायर झोंक दिया। इस हमले में पति, पत्नी और उनका बेटा छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलता निवासी अर्जुन सिंह शनिवार शाम एक मजदूर को देखने के लिए निकले थे। रास्ते में गांव के ही राजू उर्फ राजेंद्र सिंह नेगी ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी ठोस वजह के गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख अर्जुन सिंह की पत्नी दीपा और बेटा मनजीत सिंह भी वहाँ पहुँच गए और उन्होंने आरोपी की बदतमीजी का विरोध किया।
विवाद से आक्रोशित होकर आरोपी राजेंद्र सिंह नेगी अपने घर से लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया और सीधे परिवार पर फायरिंग कर दी। बंदूक के छर्रे लगने से अर्जुन सिंह, उनकी पत्नी और बेटा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। फायरिंग की आवाज से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने पीड़ित सुरेश सिंह चम्याल की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त लाइसेंसी हथियार को भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
