Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी व्लॉगर विवाद: SSP मंजूनाथ टीसी का कड़ा रुख, तमाशबीन महिला पुलिसकर्मियों पर गिरेगी गाज

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी व्लॉगर विवाद में लापरवाही बरतने वाली महिला दरोगा और सिपाहियों को SSP ने दी सख्त सजा। काठगोदाम एसओ को फटकार, अराजकता पर पुलिस का एक्शन तेज।

हल्द्वानी: नैनीताल रोड स्थित चौपाटी बाजार में व्लॉगर ज्योति और सुनीता भट्ट के बीच हुए हाई-वोल्टेज ड्रामे पर अब पुलिस विभाग के भीतर ही गाज गिरनी शुरू हो गई है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाली एक महिला दरोगा और तीन महिला सिपाहियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें दुर्गम पहाड़ी थानों में तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि उन्हें ऐसी पुलिस फोर्स की जरूरत नहीं है, जो सरेआम अराजकता के दौरान मूकदर्शक बनी रहे। उन्होंने उन महिला पुलिसकर्मियों के नाम तलब किए हैं जो घटना के समय मौके पर मौजूद थीं लेकिन झगड़े को रोकने के बजाय तमाशबीन बनी रहीं। एसएसपी ने कड़े लहजे में कहा, “जिन्हें मॉडलिंग और व्लॉगिंग का शौक है, वे तत्काल वर्दी छोड़ दें।”
शनिवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया। उन्होंने काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा की कार्यप्रणाली पर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि उनसे थानेदारी नहीं संभल रही है, तो वे पद छोड़ दें, वह खुद थाना संभाल लेंगे। एसएसपी की मुख्य नाराजगी व्लॉगरों के विवाद में शामिल बाहरी उपद्रवियों की गिरफ्तारी न होने को लेकर थी।
घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी काठगोदाम पुलिस की ओर से कोई बड़ी कार्रवाई न होने पर विभाग की छवि धूमिल हुई है। एसएसपी ने एसओ को सख्त समय सीमा (डेडलाइन) देते हुए आदेश दिया है कि उपद्रवियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या ढुलमुल रवैया अपनाने वाले पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
हल्द्वानी में व्लॉगरों के बीच बढ़ती इस आपसी रंजिश और सोशल मीडिया पर हो रहे तमाशे ने शहर की शांति व्यवस्था को चुनौती दी है। पुलिस अब उन बाहरी तत्वों को चिन्हित कर रही है जिन्होंने इस झगड़े के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। एसएसपी के इस कड़े एक्शन के बाद अब पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और आगामी दिनों में कुछ बड़े निलंबन भी देखे जा सकते हैं।

Select Language

Advertisement