उधमसिंह नगर
पंजाब की युवती से दुबई और दिल्ली में सामूहिक दुष्कर्म, रुद्रपुर के दो भाइयों पर केस दर्ज
पंजाब की युवती से दुबई और दिल्ली में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला। रुद्रपुर के दो भाइयों के खिलाफ जीरो FIR के बाद जांच शुरू। एसएसपी अजय गणपति ने दिए निर्देश।
रुद्रपुर:उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पंजाब की एक युवती ने दो भाइयों पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि रुद्रपुर निवासी गौरव सिंह और साहिल सिंह ने उसे पहले दुबई और फिर दिल्ली ले जाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। युवती की तहरीर पर पंजाब की पटियाला पुलिस ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की थी, जिसे अब आधिकारिक तौर पर रुद्रपुर कोतवाली ट्रांसफर कर दिया गया है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय पीड़िता दो साल पहले ऑस्ट्रेलिया के स्टडी वीजा आवेदन के दौरान इन दोनों भाइयों के संपर्क में आई थी। आरोप है कि दोनों भाई उसे झांसा देकर दुबई ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर दिल्ली बुलाया और वहां भी इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने उपनिरीक्षक नेहा राणा को विवेचना अधिकारी नियुक्त किया है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने वीडियो कॉल के माध्यम से पीड़िता के प्रारंभिक बयान दर्ज कर लिए हैं। वर्तमान में मुख्य आरोपी साहिल दिल्ली में रह रहा है। पुलिस अब युवती को मेडिकल परीक्षण और कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए रुद्रपुर बुला रही है, ताकि मामले के तकनीकी पहलुओं और घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रुद्रपुर क्षेत्र के भीतर दुष्कर्म की कोई घटना नहीं हुई है, बल्कि वारदात दुबई और दिल्ली में अंजाम दी गई। पुलिस अब अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय कड़ियों को जोड़कर साक्ष्य जुटाने में लगी है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मामले ने एक बार फिर विदेश भेजने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी और शोषण को उजागर किया है।
