Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: पुलिस से अभद्रता और धमकी देने वाला दबंग गिरफ्तार, कार जब्त

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी पुलिस ने चेकिंग के दौरान महिला एसआई से अभद्रता करने और धमकी देने वाले आरोपी लवजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर।

नैनीताल। जनपद में अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ एसएसपी डॉ० मंजूनाथ टी०सी० का कड़ा अभियान जारी है। इसी कड़ी में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस कर्मियों को जान से मारने की धमकी देने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चेकिंग के दौरान ऑन-ड्यूटी महिला उप-निरीक्षक के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि वर्दी उतरवाने की धमकी भी दी थी।
घटना 10 मई 2026 की रात की है, जब हल्द्वानी पुलिस टीम तिकोनिया क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोका जिस पर काली फिल्म लगी हुई थी। जब पुलिस टीम ने चालान की प्रक्रिया शुरू की, तो कार चालक लवजीत सिंह भड़क गया और पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगा।
अभियुक्त लवजीत सिंह ने ड्यूटी पर तैनात लोकसेवकों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह पुलिस के आदेशों की अवहेलना करते हुए मौके से तेजी से कार लेकर फरार हो गया। इस मामले में उप-निरीक्षक आरती की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में गंभीर धाराओं (BNS 132/221/351/352) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद ली। पुलिस ने आरोपी लवजीत सिंह को उसके निवास स्थान लालकुआं के पास से गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई कार (UK 18B 1989) को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी नैनीताल ने सख्त लहजे में कहा है कि वर्दी का अपमान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी लोकसेवक के साथ अभद्रता करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।

Select Language

Advertisement