Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

अल्मोड़ा सड़क हादसा: मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा में कांग्रेस की रैली से लौट रहे मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल की कार हादसे में मौत हो गई। कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में आयोजित कांग्रेस की जनसभा से वापस लौट रहे कार्यकर्ताओं की कार बाड़ेछीना-सेराघाट मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कांचुला पुल के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल (55) की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार दो अन्य कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह हादसा उस समय हुआ जब गुरुवार को अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में आयोजित नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की जनसभा में शामिल होकर लोग लौट रहे थे। हालांकि मौसम खराब होने के कारण राहुल गांधी व्यक्तिगत रूप से नहीं पहुंच सके थे और सभा को मोबाइल से संबोधित किया गया था। इसके बाद सीमांत जिले पिथौरागढ़ के नाचनी लौट रहे कार्यकर्ताओं की आइटन कार कांचुला पुल के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
इस दर्दनाक हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार चला रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथी गणेश कुमार (32) और भूपेंद्र प्रसाद (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद 108 आपातकालीन सेवा के कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
कुंदन सिंह बथ्याल क्षेत्र के एक बेहद प्रतिष्ठित और सक्रिय नेता थे। वे साल 1979 से 1986 तक मुनस्यारी के ब्लॉक प्रमुख रहे थे और इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे नाचनी और अल्मोड़ा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और धारचूला के विधायक हरीश धामी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Select Language

Advertisement