हल्द्वानी
हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: डिवाइडर से गिरते ही बोलेरो ने राहगीर को कुचला, मौके पर मौत
हल्द्वानी के नैनीताल रोड पर एमबीपीजी कॉलेज के पास एक राहगीर की बोलेरो की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस मृतक की शिनाख्त की कोशिश कर रही है।
हल्द्वानी। नैनीताल रोड पर सोमवार शाम एक बेहद दर्दनाक और भयावह सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ सड़क पार कर रहे एक राहगीर की बोलेरो वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा एमबीपीजी (MBPG) कॉलेज के समीप हुआ, जिससे हाईवे पर हड़कंप मच गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि राहगीर का सिर वाहन के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 50 वर्षीय एक व्यक्ति बाजार से सामान खरीदकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। वह सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर खड़े थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने या गश आने के कारण वह सीधे सड़क पर गिर गए। इसी दौरान काठगोदाम की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो टैक्सी के पिछले पहिए की चपेट में वह आ गए। वाहन उनके सिर को कुचलते हुए आगे निकल गया।
इस खौफनाक हादसे के बाद नैनीताल रोड पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। हालांकि, हादसे के तुरंत बाद चालक ने खुद ही अपना वाहन रोक लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा का रहने वाला है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाया।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, पुलिस लगातार उनके परिजनों और पहचान की तलाश में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर व्यस्ततम नैनीताल रोड पर पैदल चलने वालों की सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
