Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार में हाथी का हमला, वन गुर्जर अहसान की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार की श्यामपुर रेंज में जंगली हाथी के हमले से वन गुर्जर अहसान की जान चली गई। घटना के बाद वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है। पूरी खबर पढ़ें।

हरिद्वार। मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। श्यामपुर रेंज के कांसवाली बीट क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक जंगली हाथी ने वन गुर्जर पर हमला कर दिया। इस हमले में गुर्जर बस्ती निवासी अहसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अहसान गुरुवार सुबह आरक्षित वन क्षेत्र में मवेशियों के लिए घास लेने गया था। घने जंगल में अचानक उसका सामना एक विशालकाय जंगली हाथी से हो गया। इससे पहले कि वह खुद को बचा पाता, हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसे कई बार पटक दिया। गंभीर चोटें आने से अहसान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने भी अधिकारियों के साथ मौके का जायजा लिया। वन विभाग को जांच के दौरान क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी के साक्ष्य मिले हैं।
वन विभाग ने एहतियात के तौर पर कांसवाली बीट के आसपास आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि अहसान जंगल में अकेला था, जिससे वह हाथी के हमले का शिकार बन गया। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वन विभाग की टीम अब क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।

Select Language

Advertisement