अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
सल्ट विधायक महेश जीना का विवादित वीडियो वायरल, यूकेडी कार्यकर्ताओं को दी धमकी
सल्ट से भाजपा विधायक महेश जीना का विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बहुद्देश्यीय शिविर में यूकेडी कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप लगा है।
अल्मोड़ा। जिले की सल्ट विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक महेश जीना एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार उनका एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर धमकाते हुए नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के अनुसार पूरी घटना सल्ट विधानसभा क्षेत्र के मालीखेत की बताई जा रही है। मालीखेत में शासन-प्रशासन की ओर से एक बहुद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर पहुंचे यूकेडी के पदाधिकारियों और विधायक महेश जीना के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
पैठाना निवासी यूकेडी नेता नरेंद्र सिंह रावत की ओर से जारी बयान और वीडियो के मुताबिक, शिविर परिसर के बाहर विधायक महेश जीना और यूकेडी के सोशल मीडिया प्रभारी भूपी मनराल के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि बहस के दौरान आपा खोते हुए विधायक ने कहा कि “चर्बी ज्यादा चढ़ गई होगी, सारी उतार दूंगा किसी दिन।”
यूकेडी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जब मौके पर मौजूद लोग इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगे, तो विधायक ने उन्हें भी धमकाया और उनका फोन छीनने की कोशिश की। इस घटना से नाराज यूकेडी कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक के वापस लौटते समय चम्याड़ी पुल के पास एकत्र होकर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया।
यह पहला मौका नहीं है जब सल्ट विधायक अपने बयानों या आचरण को लेकर विवादों में घिरे हैं। इससे पहले भी उनके कई बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन चुके हैं। ताजा मामले में यूकेडी नेताओं ने विधायक के इस रवैये की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
