Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में बेल्ट लहराकर हुड़दंग मचाने वाले 4 युवक गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी पकड़े गए

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के दो नहरिया रोड पर बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने वाले युवकों का वीडियो वायरल होने पर नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

हल्द्वानी। सार्वजनिक स्थान पर अराजकता और हुड़दंग मचाने वाले युवकों पर नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो नहरिया रोड पर सरेआम बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया है।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर और सुराग जुटाकर 14 अगस्त की शाम हुई इस घटना में शामिल चारों आरोपियों की पहचान कर ली और उन्हें दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सीतेश आर्य (25), गोपाल आर्य (30), कुणाल बिष्ट (22) और विशाल कुमार (27) के रूप में हुई है। ये सभी काठगोदाम क्षेत्र के दमुवाढूंगा के निवासी हैं। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी सीतेश शराब के नशे में वाहन चलाता और हुड़दंग मचाता पाया गया, जिसके खिलाफ आबकारी व ट्रैफिक नियमों के तहत मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हुड़दंग में इस्तेमाल की गई दोनों मोटरसाइकिलों को भी मौके पर ही सीज कर दिया है। इसमें से एक रॉयल एनफील्ड और दूसरी बिना नंबर प्लेट की बाइक शामिल थी। वहीं, मामले में पकड़े गए दोनों नाबालिगों को काउंसलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अराजकता फैलाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और ऐसा कोई कृत्य न करें।

Select Language

Advertisement