Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में पत्नी के मायके से न लौटने पर युवक ने लगाई फांसी, हुई मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के पनियाली में पत्नी से विवाद के बाद प्लंबर सर्वेश (37) ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक 3 बच्चों का पिता था। पुलिस जांच में जुटी।

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली अंतर्गत पनियाली क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां पत्नी के मायके से वापस न लौटने से क्षुब्ध होकर एक 37 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक तीन छोटे बच्चों का पिता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मृतक की पहचान मूल रूप से बहादुरगंज (पीलीभीत) निवासी सर्वेश कुमार (37) पुत्र अनोखे लाल के रूप में हुई है। सर्वेश पनियाली में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रहता था और प्लंबर का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। हाल ही में सर्वेश की पत्नी अपनी छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी। गुरुवार रात फोन पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई थी।
परिजनों के अनुसार, पत्नी से कहासुनी के बाद मानसिक तनाव में आकर सर्वेश ने घर के टिन शेड में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि सर्वेश ने घटना से पहले पत्नी से कहा था कि अगर वह तुरंत वापस नहीं आई तो वह उसका मरा हुआ मुंह देखेगी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक ने पूर्व में होलिका दहन की रात भी जान देने का प्रयास किया था। मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। फिलहाल इस संबंध में परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Select Language

Advertisement