Connect with us

राजनीति

बसपा से 3 बार के विधायक रहे हरिदास भाजपा में शामिल

Published

on

खबर शेयर करें 👉


हरिदास बोले – भगवान राम की कृपा प्रधानमंत्री मोदी के साथ
देहरादून। बसपा के टिकट पर तीन बार विधायक रहे हरिदास ने शनिवार को देहरादून में भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदित्य बृजवाल समेत काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद भट्ट, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत और भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने सभी का पार्टी में स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि बसपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक हरिदास का भाजपा में आना बताता है कि देवभूमि के सभी धर्मों, जातियों, क्षेत्रों व वर्गों का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हासिल हो गया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता का आशीर्वाद और भगवान राम की कृपा प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। लिहाजा, इस बार भाजपा का 370 और एनडीए का 400 पार होना निश्चित है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए सभी जनों के मान-सम्मान का ख्याल रखना उनकी जिम्मेदारी है।
लंढौरा सीट से दो बार और झबरेड़ा से एक बार विधायक रह चुके हरिदास ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और सर्व समाज के लिए किए गए कार्यों से प्रभावित होकर आज वह भाजपा में हैं। पहली बार समाज के पिछड़े वर्गों के लिए केंद्र की किसी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इसी तरह धामी सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास में जुटी है। इस सबको देखते हुए उन्हें नैतिक जिम्मेदारी महसूस हुई कि इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के मिशन में हम भी योगदान दें।

Select Language

Advertisement