अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
सीएम धामी 45 साल बाद पहुंचे पैतृक गांव टुंडी-बारमौ; बचपन याद कर हुए भावुक, ₹700 करोड़ के मेडिकल कॉलेज का तोहफा
उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी 45 साल बाद अपनी मां के साथ पैतृक गांव टुंडी-बारमौ पहुंचे। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग रखी, जिस पर CM ने ₹700 करोड़ के मेडिकल कॉलेज की घोषणा की।
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगभग 45 साल बाद अपनी माँ विष्णु देवी के साथ पिथौरागढ़ स्थित अपने पैतृक गांव टुंडी-बारमौ पहुंचे। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, देव गीतों और मंगल गीतों के साथ उनका पारंपरिक तरीके से जोरदार स्वागत किया। अपने गांव के “लौटकर आए बेटे” को देखकर ग्रामीण और परिजन बेहद भावुक हो गए। मुख्यमंत्री धामी ने गांव पहुँचते ही अपने ईष्ट देवता ब्रह्मचारी और खंडेनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और बुजुर्गों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
सीएम ने कुमाऊंनी में अपने भाषण की शुरुआत की, जिससे ग्रामीणों में उत्साह भर गया। अपने बचपन को याद करते हुए CM धामी स्वयं भी भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि तीसरी कक्षा तक की पढ़ाई उन्होंने इसी गांव के स्कूल में की थी। टुंडी से बारमौ तक बिना स्वेटर के पैदल स्कूल जाने और ठंड से उंगलियों के सुन्न होने के पुराने संस्मरणों को याद कर उन्होंने कहा, “आज जो भी हूं, इसी देवभूमि और इस गांव के आशीर्वाद से हूं।”
इस दौरान ग्रामीणों ने उनके सामने स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी की बड़ी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से बीमार होने पर उन्हें 35 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल जाना पड़ता है, क्योंकि गांव में कोई अस्पताल नहीं है। सीएम धामी ने उनकी समस्या सुनने के बाद आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार 700 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में एक मॉडर्न मेडिकल कॉलेज बना रही है।
सीएम धामी ने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज राज्य का सबसे सुविधायुक्त और आधुनिक संस्थान होगा, जो इस दूरस्थ क्षेत्र के लिए एक गेमचेंजर साबित होगा। उन्होंने नैनीसैनी एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 450 करोड़ रुपये की स्वीकृति की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि टुंडी-बारमौ जैसे दुर्गम गांव हमेशा उनकी सरकार की प्राथमिकता में रहेंगे और उनका दिल हमेशा इस भूमि से जुड़ा रहेगा।
