Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

उत्तराखंड पुलिस को बड़ी सफलता! पिथौरागढ़ में ₹15 करोड़ की धोखाधड़ी का भगोड़ा जगदीश पुनेठा CBI की मदद से दुबई में गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला भगोड़ा आरोपी जगदीश पुनेठा दुबई में पकड़ा गया। उत्तराखंड पुलिस ₹50 हजार के इनामी पुनेठा को पिथौरागढ़ ले आई है।

नई दिल्ली/पिथौरागढ़: उत्तराखंड पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए, करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी जगदीश पुनेठा को सीबीआई की मदद से गुरुवार को दुबई में गिरफ्तार कर लिया। पिथौरागढ़ का यह भगोड़ा आरोपी संयुक्त अरब अमीरात में छिपकर एक लग्जरी जिंदगी जी रहा था। उसकी गिरफ्तारी उत्तराखंड पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
पुनेठा 2021 में पिथौरागढ़ में दर्ज धोखाधड़ी के कई मामलों में वांछित था। उस पर आरोप है कि उसने लोगों को शेयर मार्केट में निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच दिया और करोड़ों रुपये की रकम लेकर रातों-रात फरार हो गया। सीबीआई के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि पुनेठा को पकड़ने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने यूएई के अधिकारियों के साथ समन्वय किया, जिसके बाद यह गिरफ्तारी संभव हो पाई। पिथौरागढ़ एसपी रेखा यादव ने बताया कि पुलिस आरोपी पुनेठा को पिथौरागढ़ वापस ले आई है।
सिलपाटा निवासी जगदीश पुनेठा पर 15 करोड़ 17 लाख 30 हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है। फरार होने के बाद पुनेठा पर ₹50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। दिसंबर 2021 में, लीलाधर पाटनी ने पुनेठा और उसके सहयोगियों पर 8 लाख की ठगी का आरोप लगाया था। इसके अलावा, सुन्दर सिंह बोनाल ने भी अगस्त 2021 में मातृछाया आभूषण प्राइवेट लिमिटेड में निवेश के नाम पर 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
पुलिस की गहन जाँच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी ने धोखाधड़ी से अर्जित की गई रकम से दो करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति भी बनाई थी। अब पुनेठा की गिरफ्तारी से पीड़ितों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। उत्तराखंड पुलिस की यह अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई दिखाती है कि आर्थिक अपराध करने वाले भगोड़े देश से बाहर भी सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement