नैनीताल
नैनीताल में तीन मजदूरों को कार से रौंदाने वाला नशेड़ी पुलिसकर्मी कॉन्स्टेबल निलंबित
नैनीताल के तल्लीताल में शराब के नशे में धुत कॉन्स्टेबल राकेश बोरा ने कार से तीन मजदूरों को कुचला। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को निलंबित किया।
नैनीताल। जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। तल्लीताल थाना क्षेत्र में गुरुवार को शराब के नशे में धुत एक कॉन्स्टेबल ने अपनी कार से तीन मजदूरों को बुरी तरह रौंद दिया। इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी पुलिसकर्मी राकेश बोरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह दर्दनाक हादसा तल्लीताल के फांसी गदेरा (कलेक्ट्रेट रोड) इलाके में हुआ। रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल राकेश बोरा अपनी कार से जा रहा था, तभी उसने सड़क पर चल रहे तीन मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार के नीचे फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की पहचान बिहारी लाल, राजू और मोहन राम के रूप में हुई है, जो हरि नगर के निवासी हैं। ये तीनों मजदूर सुबह पेंटिंग के काम के लिए राज भवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस जा रहे थे। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों में से एक मजदूर की हालत अत्यंत नाजुक है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।
हादसे के बाद आरोपी कॉन्स्टेबल मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में हिरासत में ले लिया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और वाहन को कब्जे में ले लिया है।
