नैनीताल
रामनगर में बाघ का खौफ: बिहार के मजदूर को जंगल में मार डाला, क्षेत्र में दहशत
रामनगर के कोटा रेंज में बाघ ने जल जीवन मिशन में कार्यरत एक मजदूर को अपना निवाला बना लिया। बिहार के रहने वाले युवक की मौत से इलाके में हड़कंप मचा है।
रामनगर: उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ कोटा रेंज के अंतर्गत भलोन क्षेत्र में रविवार शाम को एक बाघ ने युवक पर हमला कर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अभिमन्यु शाह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पूर्वी चंपारण, बिहार का निवासी था।
काम से लौटते समय हुआ हमला
अभिमन्यु शाह जल जीवन मिशन के तहत पेयजल लाइन बिछाने का काम कर रहा था। रविवार शाम करीब सवा छह बजे जब वह काम खत्म कर अपने साथियों के साथ कमरे की ओर लौट रहा था, तभी घात लगाकर बैठे बाघ ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बाघ युवक को घसीटते हुए घने जंगल के भीतर ले गया।
वन विभाग ने फायरिंग कर बरामद किया शव
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची। डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया के नेतृत्व में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान टीम को जंगल के भीतर से युवक का शव बरामद हुआ। बाघ को डराने के लिए वन कर्मियों को कई राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र के मजदूरों और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
इलाके में अलर्ट और कैमरा ट्रैप
वन विभाग ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। डीएफओ ने बताया कि बाघ की हलचल पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में तत्काल कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। साथ ही, वन विभाग ने स्थानीय लोगों और मजदूरों से अपील की है कि वे अकेले या देर शाम जंगल के रास्तों पर न जाएं।
