नैनीताल
नैनीताल में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़: गुलदार की 2 खाल और 5 किलो हड्डियों के साथ तस्कर गिरफ्तार
नैनीताल में वन विभाग और STF की संयुक्त कार्रवाई में गुलदार की दो खालों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार। बागेश्वर का आरोपी पंगोट मार्ग पर दबोचा गया। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।
नैनीताल। उत्तराखंड में वन्यजीव अंगों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नैनीताल वन विभाग और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने किलबरी-पंगोट मोटर मार्ग पर घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गुलदार की दो खालें और करीब 5 किलो हड्डियां बरामद की गई हैं।
पकड़ा गया आरोपी महेश सिंह कपकोटी, बागेश्वर जिले के कपकोट का रहने वाला है। वह इन अंगों को नैनीताल के रास्ते किसी बाहरी पार्टी को बेचने की फिराक में था। विशेषज्ञों के अनुसार, बरामद खालें और हड्डियां करीब छह महीने पुरानी लग रही हैं। मारे गए गुलदारों में से एक की उम्र 6 साल और दूसरे की करीब 7 साल आंकी गई है।
वन विभाग को लंबे समय से बागेश्वर क्षेत्र से तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। डीएफओ आकाश गंगवार के निर्देश पर नैना रेंज और नगरपालिका रेंज की टीम ने एसटीएफ के साथ मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गुलदार भारतीय कानून की अनुसूची-1 में शामिल एक संरक्षित वन्यजीव है, जिसका शिकार या व्यापार करना गैर-जमानती अपराध है। एसटीएफ और वन विभाग अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि इन गुलदारों का शिकार किस जंगल में किया गया था। इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
