Connect with us

नैनीताल

नैनीताल में सनसनी: होटल के कमरे में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दवाओं के ओवरडोज का शक

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल के तल्लीताल स्थित होटल में सतपुली निवासी 20 वर्षीय युवक सुमित की मौत। दवा के ओवरडोज का शक। पुलिस ने होटल का कमरा सील कर जांच शुरू की। पढ़ें पूरी खबर।

नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल के एक होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब पौड़ी गढ़वाल से घूमने आए 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सतपुली निवासी सुमित सिंह के रूप में हुई है। वह शनिवार देर शाम अपनी एक महिला मित्र के साथ नैनीताल पहुंचा था और तल्लीताल स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की मौत कुछ दवाओं के अत्यधिक सेवन (Overdose) के कारण हुई है। पुलिस को होटल के कमरे से कुछ दवाओं के रैपर और सिरप की बोतलें बरामद हुई हैं। सूत्रों के अनुसार, युवक ने संभवतः शक्ति वर्धक दवाओं का सेवन किया था, जिसका शरीर पर घातक असर पड़ा।
मृतक की महिला मित्र के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात सुमित की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया। शोर मचाने पर होटल स्टाफ की मदद से उसे तुरंत बी.डी. पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर सुनील ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक के प्राण पखेरू उड़ चुके थे।
तल्लीताल थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए होटल के कमरे को सील कर दिया है। पुलिस सुमित के साथ आई युवती और होटल कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। युवती का कहना है कि वे दोनों परिजनों को सूचित कर ही नैनीताल आए थे। घटना की सूचना पाकर दोनों पक्षों के परिवार भी रविवार सुबह नैनीताल पहुंच गए हैं।
फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। अधिकारियों का कहना है कि विसरा सुरक्षित रखा जा सकता है यदि रिपोर्ट में स्थिति साफ नहीं हुई। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद दवाएं कहां से खरीदी गई थीं। इस घटना ने पर्यटन सीजन के बीच शहर में सुरक्षा और सतर्कता को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement